मुरैना/ शुभम कुलश्रेष्ठ/ खबर डिजिटल/ जिले के रामपुरकलां विद्युत मंडल कार्यालय में शुक्रवार दोपहर मीटर रीडर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार विनोद कुशवाहा, जो रामपुरकलां विद्युत मंडल में डीसी के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में मीटर रीडर के पद पर कार्यरत हैं, शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे जयप्रकाश सिंघल के घर मीटर रीडिंग लेने पहुंचे थे।
बताया गया कि उन्होंने जयप्रकाश सिंघल से पूर्व का बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए कहा। बिल अधिक आने से नाराज होकर जयप्रकाश पहले विद्युत मंडल कार्यालय पहुंचे, जहां कर्मचारियों ने अधिकारियों से चर्चा कर बिल में संशोधन की बात कही।
करीब 3:00 बजे जयप्रकाश सिंघल अपनी पत्नी शिल्पी सिंघल के साथ दोबारा कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि अधिक बिल को लेकर शिल्पी सिंघल ने मीटर रीडर विनोद कुशवाहा के साथ गाली-गलौज की और चप्पलों से मारपीट कर दी। घटना के समय जेई विवेक जाटव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया।
मारपीट की घटना का वीडियो भी बनाया गया है। इसके बाद पीड़ित कर्मचारी थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरैना में हाई वोल्टेज ड्रामा: ज्यादा बिल देख आपा खो बैठी महिला, बिजली दफ्तर में घुसकर कर्मचारी को चप्पलों से पीटा, वीडियो वायरल
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









