खबर digital news रिपोर्टर /कटनी- जिले के बहुचर्चित मेसर्स के.पी. अवस्थी के कथित खनिज चोरी प्रकरण में अब प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। करीब 7.31 करोड़ रुपये की कथित राजस्व वसूली से जुड़ी फाइल अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। भोपाल खनिकर्म संचालनालय की सख्ती के बाद जिला खनिज विभाग ने पूरे मामले पर विस्तृत अभिमत (ओपिनियन) और सभी दस्तावेज तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इसी अभिमत के आधार पर मामले में आगे की बड़ी कार्रवाई का रास्ता तय होगा।सूत्रों के अनुसार, नोटिस के जवाब में आरोपी पक्ष ने अपना पक्ष विभाग के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। अब विभाग केवल जवाब दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उसके प्रत्येक बिंदु का कानूनी और तकनीकी परीक्षण किया जाएगा। इसी उद्देश्य से सहायक खनि अधिकारी से पूरे प्रकरण पर स्पष्ट अभिमत मांगा गया है।विभागीय सूत्रों का कहना है कि अभिमत में यह स्पष्ट किया जाएगा कि आरोपी द्वारा प्रस्तुत जवाब उपलब्ध साक्ष्यों और नियमों के अनुरूप है या नहीं। यदि जवाब असंतोषजनक पाया जाता है तो करोड़ों रुपये की कथित राजस्व वसूली के साथ कुर्की अथवा अन्य वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। हालांकि अंतिम निर्णय सक्षम प्राधिकारी द्वारा नियमानुसार लिया जाएगा।जानकारी के अनुसार, स्थानीय स्तर पर अभिमत तैयार होते ही पूरी फाइल भोपाल संचालनालय भेजी जाएगी। चूंकि मामला पहले से ही राज्य स्तर पर निगरानी में बताया जा रहा है, इसलिए जिला प्रशासन कोई भी निर्णय पूरी कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप लेना चाहता है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आरोपी पक्ष का जवाब विभाग को संतुष्ट कर पाएगा, या फिर करोड़ों रुपये के इस चर्चित कथित खनिज चोरी मामले में सख्त प्रशासनिक कार्रवाई का नया अध्याय शुरू होगा? इसका जवाब अब विभागीय अभिमत और उसके बाद होने वाले अंतिम निर्णय से ही सामने आएगा।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097









