भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज होने लगी हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने विभागीय समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को चुनाव से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। चर्चा है कि वर्ष 2027 में होने वाले पंचायत चुनाव निर्धारित समय से करीब एक से दो महीने पहले कराए जा सकते हैं। हालांकि, चुनाव की तारीखों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
23 हजार ग्राम पंचायतों का कार्यकाल होगा पूरा
प्रदेश में वर्ष 2027 में करीब 23 हजार ग्राम पंचायतों का कार्यकाल पूरा होने वाला है। ऐसे में नई पंचायतों के गठन और प्रशासनिक व्यवस्था को समय पर सुचारू बनाने के लिए चुनाव प्रक्रिया पहले शुरू करने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। विभागीय स्तर पर चुनाव से संबंधित तैयारियों और जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।
समय से पहले चुनाव कराने की संभावना पर चर्चा
आगामी पंचायत चुनाव सामान्य समय से एक से दो महीने पहले कराने की संभावना जताई जा रही है, ताकि चुनाव परिणाम आने के बाद नई पंचायतों का गठन समय पर किया जा सके। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अब सभी की नजरें चुनाव कार्यक्रम और राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।









