राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक में पशुपालन, सहकारिता और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं. इन निर्णयों के तहत जहां एक तरफ देशी गौपालन को बढ़ावा देने के लिए नकद इनामों की व्यवस्था की गई है, वहीं दूसरी ओर आर्थिक रूप से कमजोर सहकारी बैंकों को संजीवनी देने और हजारों घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए भारी-भरकम बजट मंजूर किया गया है.
देशी गौपालकों को मिलेगा एक लाख रुपये तक का पुरस्कार
गौ-संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने पुरस्कार योजना की रूपरेखा तय की है. इसके अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गौपालक को एक लाख रुपये, द्वितीय विजेता को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाले को 25 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी. इस योजना की एक खास शर्त यह रखी गई है कि विजेता गौपालकों को पुरस्कार में मिली पूरी धनराशि का इस्तेमाल केवल देशी नस्ल की गायों को खरीदने, उनके संरक्षण और नस्ल सुधार (संवर्धन) से जुड़े कार्यों में ही करना होगा.
कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 325 करोड़ की वित्तीय मदद
प्रदेश के 9 आर्थिक रूप से कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को पटरी पर लाने के लिए मंत्रि-परिषद ने 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता को हरी झंडी दे दी है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान इस राशि का आवंटन दो श्रेणियों में किया जाएगा:
25-25 करोड़ रुपये की सहायता: रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंकों को दी जाएगी.
50-50 करोड़ रुपये की सहायता: रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के जिला बैंकों की माली हालत सुधारने के लिए आवंटित की जाएगी.
सहकारी समितियों के चुनाव एक साल के लिए टले
कैबिनेट ने प्रदेश की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) के लंबित चुनावों को एक वर्ष आगे बढ़ाने का फैसला लिया है. दरअसल, उन ग्राम पंचायतों में नई समितियों के गठन का काम अभी जारी है जो पहले इससे वंचित थीं, और कई नई समितियों में अभी कामकाज पूरी तरह शुरू नहीं हो सका है. ऐसे में बिना संचालन शुरू हुए चुनाव कराने से कानूनी और व्यावहारिक दिक्कतें आ सकती थीं. इसी वजह से विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी आवश्यकता के अनुसार टाले जाएंगे, ताकि इन चुनावों में नई समितियों के निर्वाचित प्रतिनिधि भी हिस्सा ले सकें. सहकारी अधिनियम के तहत इस पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का जिम्मा सहकारिता विभाग को सौंपा गया है.
46 हजार से ज्यादा घरों को रोशन करने के लिए 193.72 करोड़ मंजूर
केंद्र सरकार की आरडीएसएस (RDSS) योजना के तहत बिना बिजली वाले घरों तक रोशनी पहुंचाने की कार्ययोजना को भी कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है. इसके पहले चरण में 20 या उससे अधिक घरों वाली प्रदेश की 1,834 बसाहटों (पूर्व, मध्य और पश्चिम क्षेत्र) को शामिल किया गया है. इस बजट से कुल 46,574 घरों और 54 सरकारी सार्वजनिक संस्थानों का विद्युतीकरण होगा.
इस 193 करोड़ 72 लाख रुपये की परियोजना में केंद्र सरकार 60 प्रतिशत हिस्सेदारी के रूप में 116 करोड़ 24 लाख रुपये का अनुदान देगी, जबकि राज्य सरकार 40 प्रतिशत अंशदान यानी 77 करोड़ 48 लाख रुपये खर्च करेगी. इस फंड की मदद से बिजली वितरण कंपनियां आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार करेंगी और प्रति घर अधिकतम 2 लाख रुपये तक की अनुमानित लागत वाली बसाहटों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराएंगी.









