छिंदवाड़ा। जिले के कुंडीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेघासिवनी चौकी के छाबड़ी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हमले में घायल युवक को पहले जिला अस्पताल लाया गया और स्थिति नाजुक होने पर नागपुर रेफर किया गया था।
चार साल पुराना विवाद बना वजह
पुलिस के अनुसार, छाबड़ी गांव के अरविंद चंद्रवंशी पिता परसराम चंद्रवंशी के साथ मारपीट की गई। अरविंद और मुकेश चंद्रवंशी के बीच पहले से विवाद चल रहा था। लगभग चार वर्ष पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी थी, जिस पर क्रॉस केस दर्ज हुआ था। इसी रंजिश के चलते मुकेश चंद्रवंशी, उसके भाई गणपत और दो अन्य साथियों ने मिलकर अरविंद पर हमला किया।
चार आरोपी पकड़े गए, धाराएं दर्ज
पुलिस ने गणपत उर्फ सज्जू पिता सुक्कू चंद्रवंशी (37), मुकेश पिता सुक्कू चंद्रवंशी (31), पवन उर्फ धनपाल चंद्रवंशी पिता दयाराम चंद्रवंशी (30) और जयकरण पिता शिवपाल चंद्रवंशी (22), सभी निवासी छाबड़ी, को गिरफ्तार किया। इनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 828/26 में बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 109(1), 351(3), 126(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पूछताछ के बाद न्यायालय ने भेजा जेल
सीएसपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि पूछताछ में पुरानी रंजिश की पुष्टि हुई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र भगत, उप निरीक्षक दिनेश सिंह बघेल, एएसआई जगदीश सिंह ठाकुर समेत पुलिस व साइबर सेल टीम की भूमिका रही। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।









