जबलपुर के सिहोरा के समीपस्थ ग्राम मोहसाम में एक ही परिवार के सात सदस्यों की भोजन करने के करीब एक घंटे बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को एक साथ उल्टियां होने लगीं। देखते ही देखते परिवार के सातों सदस्य गंभीर हालत में पहुंच गए।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को तत्काल सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में रात्रिकालीन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. एहतिशाम अंसारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहरीले अनाज के सेवन की आशंका है। परिवार के सातों सदस्यों को उल्टियां हो रही थीं। इनमें दो की हालत अत्यंत गंभीर थी, जबकि अन्य पांच की स्थिति भी चिंताजनक थी। उनकी हालत इतनी खराब थी कि वे ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। चिकित्सकीय टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया और सभी सातों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कोदो के आटे की रोटी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने भोजन में कोदो के आटे से बनी रोटियां खाई थीं। इसके करीब एक घंटे बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कोदो के आटे में किसी प्रकार की विषाक्तता होने के कारण यह घटना हुई होगी।
अनाज में कीटनाशक की मात्रा भी हो सकती है वजह
ग्रामीण क्षेत्रों में अनाज को सुरक्षित रखने के लिए कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जाता है। यदि अनाज को उचित तरीके से साफ किए बिना या उसमें मौजूद कीटनाशक के अवशेष हटाए बिना पिसवा लिया जाए तो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। हालांकि, इस घटना में विषाक्तता का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। एक ही परिवार के सात लोगों के अचानक बीमार पड़ने की घटना से पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है। सभी को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर भेजे जाने के बाद ग्रामीण उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।









