खबर digital news रिपोर्टर /कटनी-- नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को गति देने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर प्रीति संजीव सूरी ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में शहर की प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति का बिंदुवार आकलन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।बैठक में चौपाटी निर्माण, कटाए घाट रिवर फ्रंट विकास, थाना तिराहा से मिशन चौक तक डिवाइडर निर्माण, विभिन्न सड़कों, नालियों एवं नाला कवरिंग सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई। महापौर ने निर्देश दिए कि जिन कार्यों का भूमिपूजन हो चुका है, उन्हें बिना विलंब शुरू कराया जाए तथा प्रस्तावित परियोजनाओं की सभी औपचारिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर कार्यों में तेजी लाई जाए।महापौर प्रीति सूरी ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नाली निर्माण के दौरान पर्याप्त संख्या में चैंबर बनाए जाएं, ताकि बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने निर्माण एजेंसियों एवं संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि शहर का समग्र विकास तभी संभव है जब सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। नागरिकों को बेहतर सड़कें, सुगम यातायात, सुदृढ़ जल निकासी और आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसलिए सभी स्वीकृत एवं प्रस्तावित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।बैठक में प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, प्रभारी सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, उपयंत्री राजललित गुमास्ता, संजय मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, जे.पी. सिंह बघेल, हिमांशु गौतम, रवि हनोते सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव खबर डिजिटल संवाददाता कटनी









