कटनी(सौरभ श्रीवास्तव) जनपद पंचायत बहोरीबंद अंतर्गत ग्राम पंचायत इमलिया में हुए निर्माण कार्यों को लेकर शिकायतकर्ता हेमंत राय द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं। इस संबंध में जनपद पंचायत बहोरीबंद के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी एवं सहायक यंत्री द्वारा की गई जाँच रिपोर्ट जिला पंचायत कटनी को प्रेषित की गई है।जाँच प्रतिवेदन के अनुसार ग्राम पंचायत इमलिया में सीसी रोड सह नाली निर्माण कार्य मुख्य मार्ग से हरभजन के घर तक मौके पर पाया ही नहीं गया, जबकि इस कार्य पर ₹1,77,362 की राशि व्यय होना दर्ज है।
जाँच अधिकारी ने इस राशि की वसूली प्रस्तावित की है।इसके अलावा खेत तालाब एवं मेढ़बंधान निर्माण कार्यों में भी अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। कई हितग्राहियों को अपात्र होने के बावजूद लाभ दिए जाने की बात सामने आई है। तहसीलदार बहोरीबंद द्वारा प्रस्तुत भूमि संबंधी जानकारी से स्पष्ट हुआ कि हितग्राही छोटे लाल राय और हरभजन राय पात्रता की श्रेणी में नहीं आते।जाँच प्रतिवेदन में यह भी सामने आया है कि कुछ कार्य ग्राम पंचायत की सीमाओं से बाहर कराए गए और कई कार्यों का मूल्यांकन संबंधी अभिलेख भी पंचायत द्वारा प्रस्तुत नहीं किए गए।निष्कर्ष में जाँच समिति ने दो हितग्राहियों को अपात्र और सीसी रोड निर्माण पर खर्च राशि को वसूली योग्य ठहराते हुए रिपोर्ट आगे की कार्रवाई हेतु जिला पंचायत को भेज दी है।









