डिंडोरी/शैलेश नामदेव/ खबर डिजिटल/ विकासखंड के ग्राम केवलारी रैयत में जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचने की खुशी में जल अर्पण दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे ग्रामीणों के लिए यह दिन किसी त्योहार से कम नहीं रहा। जो लोग कभी पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान रहते थे, आज उनके घरों में नल से बहता स्वच्छ पानी नई उम्मीद लेकर आया है।
जागरूकता रैली से हुआ कार्यक्रम का आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली से हुई। छात्र-छात्राओं के साथ महिलाओं और ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के हाथों में जल संरक्षण के संदेश वाले पोस्टर और बैनर थे। रैली पूरे गांव में घूमी और लोगों को पानी के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
टंकी और सम्पवेल का पूजन
भारतीय परंपरा के अनुसार जल को देवतुल्य मानते हुए ग्रामीणों ने नवनिर्मित पानी की टंकी और सम्पवेल का विधि-विधान से पूजन किया। कुछ दिन पूर्व ही परिसर में मां नर्मदा की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी।
जनभागीदारी से मिली सफलता
पूर्व सरपंच छोटेलाल मसराम ने कहा, यह सिर्फ पानी नहीं, हमारे गांव का नया जीवन है। कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के संचालन में सहयोग देने वाले सजग नागरिकों को सम्मानित किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। हाल ही में गांव में रामधुन और सामूहिक भंडारे का आयोजन भी किया गया था।









