खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी-- नगर पालिक निगम कटनी में महापौर प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सीवरेज व्यवस्था, आउटसोर्स कर्मचारियों, प्रधानमंत्री आवास योजना और निगम के स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत थोक अपशिष्ट उत्पादकों के चिन्हांकन और केंद्रीय पोर्टल पर पंजीयन को लेकर चर्चा हुई। वहीं प्रसंस्करण प्लांट में लंबे समय से एकत्रित पुराने कचरे के प्रसंस्करण के लिए निविदा प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।नगर की विभिन्न सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विद्युत, जलप्रदाय, कर्मशाला और अतिक्रमण शाखा में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की स्वीकृति अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। अतिक्रमण शाखा के लिए 31 अगस्त तक कर्मचारियों की स्वीकृति प्रदान की गई।कटनी नदी और सीवरेज व्यवस्था को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। गाटर घाट, मोहन घाट और मसूरहा घाट सहित नदी के आसपास से निकलने वाले अपशिष्ट जल के इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन तथा उपचारित सीवरेज के पुनर्चक्रण से जुड़े शेष कार्यों के भुगतान के लिए अतिरिक्त 18 प्रतिशत जीएसटी की राशि 17.80 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत परीक्षण एवं सत्यापन के बाद प्रस्तुत 103 हितग्राहियों की सूची को भी अनुमोदन दिया गया। वहीं विभिन्न वार्डों के मार्गों और चौराहों के नामकरण संबंधी प्रस्ताव को पूरी जानकारी के साथ आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।कटनी रेलवे स्टेशन के पास विश्राम गृह क्रमांक-2 की जगह प्रस्तावित वाणिज्यिक केंद्र निर्माण के मामले को भी निगम परिषद की बैठक में स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।नगर निगम द्वारा संचालित स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए केसीएस स्कूल में 7, साधूराम स्कूल में 3 और ए. रविन्द्रराव स्कूल में 2 शिक्षकों को रखे जाने की स्वीकृति सर्वसम्मति से दी गई।बैठक में एमआईसी सदस्यों सहित नगर निगम के अधिकारी, विभाग प्रमुख और तीनों निगम स्कूलों के प्राचार्य मौजूद रहे। फैसलों से शहर की स्वच्छता, सीवरेज, आवास, मानव संसाधन और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में निगम की कार्ययोजना को गति मिलने की उम्मीद है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097









