खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी-- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुरानी कचहरी स्थित शहीद स्मारक परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति को नमन करते हुए यहां गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार, पूर्व पार्षद बच्चू निषाद, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष संतोष सिंह भट्टी, महासचिव अरविंद प्रसाद गुप्ता एवं सचिव अशोक सेठिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और स्मारक के सदस्य मौजूद रहे।कार्यक्रम में बच्चों के लिए आयोजित संगीत एवं चित्रकला प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे कलाकारों ने अपनी चित्रकारी के माध्यम से देशभक्ति के भावों को रंगों में उकेरा, वहीं बच्चों की देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है।जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि “आज हम जिस आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह हमारे वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन वीरों को याद करने और उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है।”उन्होंने बच्चों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करने और देश की एकता-अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट









