जबलपुर/खबर डिजिटल/ अहमदाबाद से रांची जा रहे इंडिगो के एक एयरबस 320 विमान की जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान विमान में सवार रांची निवासी एक यात्री, सुधीर कुमार की तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई।
वह फेफड़ों (लंग्स) की बीमारी के इलाज के लिए अपनी बहन के साथ अहमदाबाद गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। जब विमान जबलपुर के आसमान के ऊपर था, तब सुधीर को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत डुमना एयरपोर्ट के एटीसी (ATC) से संपर्क किया और विमान को सुरक्षित नीचे उतारा।
विमान के लैंड होते ही एयरपोर्ट प्रशासन और विमान कंपनी ने आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाकर मरीज को जबलपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद रात को इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
डुमना एयरपोर्ट के प्रभारी डायरेक्टर नीरज गुडवानी के मुताबिक, मरीज को अस्पताल भेजने के बाद विमान करीब 50 मिनट तक एयरपोर्ट पर रुका रहा और फिर बाकी यात्रियों को लेकर रांची के लिए रवाना हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजन सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गए हैं।









