डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ जिले के शाहपुर थाना अंतर्गत ग्राम जोगी टिकरिया में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एचपी गैस के घरेलू सिलेंडरों से भरे एक चलते ट्रक के टायर में अचानक भीषण धुआं निकलने लगा, जिससे मुख्य मार्ग और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यदि चालक और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा समय रहते त्वरित निर्णय न लिया जाता, तो डिंडोरी-जबलपुर मार्ग पर एक भयंकर त्रासदी घटित हो सकती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एचपी गैस कंपनी का यह ट्रक मनेरी बॉटलिंग प्लांट से रसोई गैस से भरे सिलेंडरों को लोड कर डिंडोरी जिले के गाड़ासरई के लिए निकला था। वाहन जब शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जोगी टिकरिया के पास पहुंचा, तभी अचानक ट्रक के पिछले हिस्से के टायर से घने धुएं का गुबार उठने लगा। चलती गाड़ी में धुआं उठता देख राहगीरों और वाहन चालकों के बीच दहशत फैल गई।

ट्रक चालक महेंद्र धुर्वे ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत मुख्य मार्ग पर गाड़ी रोकी और टायर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद टायर से धुआं निकलना बंद नहीं हुआ और आग भड़कने का खतरा लगातार बढ़ता गया।
ट्रक के भीतर गैस के भरे सिलेंडर मौजूद थे और उस समय वाहन घनी आबादी वाले क्षेत्र के करीब था। ऐसे में बड़ा संकट मंडरा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों की सलाह पर चालक महेंद्र धुर्वे ने अदम्य साहस और असाधारण सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक को घनी बस्ती से बाहर निकाला और एक सुनसान खुले खेत की तरफ ले जाकर खड़ा कर दिया, ताकि किसी भी संभावित बड़े हादसे की स्थिति में जनहानि को टाला जा सके।

खेत में ट्रक खड़े करने के तुरंत बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना शाहपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की गाड़ी कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक के सुलग रहे टायर और वाहन पर पानी की तेज बौछार की, जिससे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
समय रहते बरती गई इस सावधानी और प्रशासनिक मुस्तैदी के कारण एक बड़ा गैस हादसा टल गया, जिससे पूरे क्षेत्र ने राहत की सांस ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









