डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडौरी, जिले में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण सभी नदी-नाले उफान पर हैं। इस दौरान एक बेहद खतरनाक मामला सामने आया, जहाँ शहपुरा-मंडला रास्ते पर बिछिया के पास उफनती महानदी के पुल पर तेज बहाव के बावजूद यात्री बस को पार कराया गया। इस घटना का वीडियो और खबर सामने आते ही प्रशासन ने तुरंत बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
बिछिया पुलिस चौकी में बस ड्राइवर संतोष झारिया और कंडक्टर आकाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125, मोटर वाहन कानून की धारा 184 और सरकारी आदेश न मानने पर धारा 179 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस को अपने कब्जे में ले लिया है।
बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक ने लोगों से पानी भरे पुल-पुलियों को पार न करने की अपील की थी। इसके बावजूद बस ड्राइवर ने सुरक्षा के नियमों को पूरी तरह अनदेखा किया और यात्रियों से भरी बस को बहते पानी के बीच से निकाल दिया। इस लापरवाही से बस में सवार सभी यात्रियों की जान को बड़ा खतरा हो सकता था।
बस मालिक को नोटिस जारी
इस मामले में जिला परिवहन विभाग ने भी सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने बस के मालिक यशवंत चौकसे को नोटिस भेजकर बस से जुड़ी सारी जानकारी और दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी मिलने के बाद नियमों के हिसाब से आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद प्रशासन ने जिले के सभी लोगों और वाहन चालकों से फिर से अपील की है कि बारिश के दिनों में उफनती नदियों और पुलों को पार करने का जोखिम बिलकुल न उठाएं। किसी भी हादसे से बचने के लिए प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें।









