खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी, 5 अगस्त। जिले में eHRMS पोर्टल पर खंड पंचायत अधिकारियों, पंचायत समन्वय अधिकारियों एवं अन्य लोक सेवकों के सेवा अभिलेख दर्ज करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।पोर्टल पर सेवा अभिलेख दर्ज करने के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय तकनीकी सहायता दल का गठन किया गया है। दल में राजेश श्रीवास्तव (प्रशिक्षक-ई गवर्नेंस), मोहम्मद आरिफ (डाटा एंट्री ऑपरेटर) तथा सुश्री सीमा बिरहा को शामिल किया गया है। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तकनीकी सहायता के लिए इनसे संपर्क कर सकेंगे।गौरतलब है कि पंचायत राज्य संचालनालय के निर्देशों के अनुपालन में इससे पूर्व जिला स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण में जनपद पंचायतों के स्थापना प्रभारियों एवं संबंधित लिपिकों को eHRMS पोर्टल पर सेवा अभिलेख दर्ज करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई थी।जिला प्रशासन का उद्देश्य निर्धारित समय सीमा में सभी लोक सेवकों के सेवा अभिलेखों का डिजिटल संधारण सुनिश्चित कर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाना है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097
खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें









