भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति में चल रही चर्चाओं के बीच पूर्व गृहमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा का दिल्ली दौरा भी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के कुछ ही दिन बाद उनके राजधानी पहुंचने को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। चर्चा के बाजार में कयासबाजियों के बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दिल्ली दौरे के कारण स्पष्ट कर दिया।
सीएम डॉ. मोहन यादव भी थे दिल्ली में मौजूद
संयोग यह भी रहा कि जिस समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दिल्ली दौरे पर थे, उसी दौरान डॉ. मिश्रा भी राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। हालांकि उन्होंने अपने इस प्रवास को पूरी तरह निजी बताते हुए किसी भी राजनीतिक मुलाकात की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि उनका दिल्ली जाना केवल अपने पुराने मित्र एवं पूर्व विधायक आसाराम अहिरवार का हालचाल जानने के लिए था, जो इन दिनों अस्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं था और उन्होंने न तो भाजपा के किसी वरिष्ठ नेता से मिलने का समय मांगा और न ही ऐसी कोई औपचारिक मुलाकात हुई।
आला बीजेपी नेताओं ने नहीं मिले 'नरोत्तम'
राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर थमा नहीं है। कुछ राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा संगठन के कुछ वरिष्ठ नेताओं से उनकी अनौपचारिक बातचीत हुई, जिसमें मध्यप्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और भविष्य की संगठनात्मक रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रदेश भाजपा में संभावित संगठनात्मक फेरबदल को लेकर पूछे गए सवाल पर भी डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने किसी प्रकार की जानकारी होने से इनकार किया। वहीं राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात की चर्चाओं पर उन्होंने दो टूक कहा कि जब उन्होंने किसी से मिलने का समय ही नहीं मांगा, तो मुलाकात का सवाल ही नहीं उठता।
दतिया भाजपा में नए नेतृत्व की तलाश तेज… चर्चा में जिलाध्यक्ष पद के लिए आशुतोष तिवारी का नाम









