दमोह/वैभव नायक/खबर डिजिटल/ इन दिनों जिले और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुओं की बढ़ती आमद से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसी तरह की एक घटना सामने आई, जहां हटा में एक तेंदुआ नगर के रिहायशी इलाके में घुस गया।
युवक पर कर दिया हमला
तेंदुए ने अचानक एक घर के पीछे से प्रवेश किया और शरद पिता कन्हैया अग्रवाल पर पंजे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमले के बाद तेंदुआ एक दीवार फांदकर दो घर आगे सिविल अस्पताल के सामने दमोह-पन्ना मार्ग पर स्थित शिव फौजदार के घर की गैलरी में कूलर के नीचे छिपकर बैठ गया। हमले में घायल शरद अग्रवाल को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इस दौरान तेंदुए के रिहायशी क्षेत्र में होने की खबर आग की तरह फैल गई, जिससे नगरवासियों का भारी हुजूम मौके पर जमा हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुधीर बेगी, रेंजर ऋषि तिवारी सहित वन विभाग की पूरी टीम और पन्ना टाइगर रिजर्व की रीजनल रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तेंदुए का रेस्क्यू करने के लिए कड़ी मशक्कत की। गैलरी के पीछे के हिस्से से ट्रेंक्यूलाइजर गन से डाट फायर किया गया, लेकिन डाट लगते ही तेंदुआ बाहर निकलने की कोशिश में गैलरी में इधर-उधर भागा और दीवार फांदकर भाग गया। हालांकि, गनीमत रही कि कुछ दूरी पर वह एक घर के भीतर जाकर बेहोश हो गया।
तेंदुआ सुरक्षित पकड़ा गया
रेस्क्यू टीम ने बेहोश तेंदुए को सुरक्षित रूप से पिंजरे में रखा और उसका रेस्क्यू किया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद हजारों की तादाद में लोग उसे देखने उमड़ पड़े। इस मौके पर जिला डीएफओ ईश्वर जरांडे, हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी, पन्ना टाइगर रिजर्व टीम, एसडीआरएफ टीम सहित पुलिस बल और वन विभाग की टीमें मौजूद रहीं।इस घटना ने एक बार फिर जंगली जानवरों के रिहायशी इलाकों में प्रवेश करने से पैदा हो रहे खतरे और दहशत को सामने लाया है।









