कटनी/खबर डिजिटल/ रेलवे में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने कटनी जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के एक वरिष्ठ इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) जबलपुर की टीम ने कटनी जंक्शन के इलेक्ट्रिकल विभाग में पदस्थ सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह को 45 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को विशेष सीबीआई न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता तेजराम कुशवाहा ने सीबीआई जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रेलवे से संबंधित कार्य अथवा बिल भुगतान के एवज में सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया और फिर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही आरोपी ने कथित तौर पर 45 हजार रुपये की रिश्वत ली, सीबीआई की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला
कार्रवाई के बाद सीबीआई ने आरोपी इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई। इसके बाद उसे विशेष सीबीआई न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
रेलवे महकमे में कार्रवाई से मचा हड़कंप
कटनी जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन पर तैनात वरिष्ठ इंजीनियर की गिरफ्तारी ने रेलवे महकमे में हलचल पैदा कर दी है। सवाल यह भी है कि रेलवे से जुड़े कार्यों और भुगतान की प्रक्रिया में रिश्वतखोरी की शिकायतें आखिर किस स्तर तक पहुंच रही हैं? फिलहाल मामले की जांच सीबीआई कर रही है। जांच के बाद ही रिश्वत मांगने के कथित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।









