भोपाल। मध्य प्रदेश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन भोपाल जंक्शन को जल्द ही नया और आधुनिक स्वरूप मिलने वाला है। रेलवे ने स्टेशन के डेवलपमेंट के लिए करीब 350 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इस परियोजना के तहत स्टेशन को मंदिर शैली के भव्य प्रवेश द्वार के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
PPP मॉडल पर होगा स्टेशन का पुनर्विकास
भोपाल जंक्शन का विकास पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत किया जाएगा। इससे पहले रानी कमलापति रेलवे स्टेशन को भी इसी मॉडल पर विकसित किया जा चुका है। इस परियोजना के बाद भोपाल जंक्शन शहर का दूसरा ऐसा स्टेशन होगा, जिसे पीपीपी मॉडल पर आधुनिक बनाया जाएगा।
स्टेशन का क्षेत्रफल भी बढ़ाया जाएगा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन के बिल्ट-अप एरिया को 4,238 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 6,532 वर्ग मीटर किया जाएगा। इससे यात्रियों के लिए अधिक जगह उपलब्ध होगी और स्टेशन परिसर में सुविधाओं का विस्तार किया जा सकेगा।
रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद शुरू होगा काम
रेलवे प्रशासन ने टेंडर और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेज दिए हैं। मंजूरी मिलते ही निर्माण एजेंसियां काम शुरू कर देंगी। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि भोपाल आने वाले पर्यटकों को स्टेशन से ही शहर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान की झलक भी दिखाई देगी।
ये खबर भी पढ़ें..









