खबर digital news रिपोर्टर /कटनी --जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बड़वारा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना क्षेत्र के लखाखेरा हार स्थित बड़ा महादेव मार्ग के जंगल में पुलिस ने घेराबंदी कर 1.750 किलोग्राम गांजा के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब ₹1.75 लाख आंकी गई है।पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बड़वारा पुलिस लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय कर तस्करों पर नजर बनाए हुए थी।
इसी दौरान 12 जुलाई 2026 को पुलिस टीम देहात भ्रमण पर थी। लखाखेरा हार के बड़ा महादेव मार्ग स्थित जंगल में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान निखिल लोनी (18 वर्ष) एवं अभिषेक वर्मन (18 वर्ष) निवासी पिपरियाकला, थाना बरही, जिला कटनी के रूप में बताई।स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मोटरसाइकिल MP-21-ZD-7280 की तलाशी लेने पर एक काले बैग के भीतर सफेद पन्नी में पैक 1.750 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही गांजा और मोटरसाइकिल जब्त कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की।दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. कृष्ण कुमार पटेल, सउनि रामनाथ साकेत, सउनि महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चढ़ार एवं आरक्षक बृजलाल प्रजापति की विशेष भूमिका रही, जिनकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।









