डेस्क। रेलवे ने दुर्ग-भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस में सफर करने वाले स्लीपर क्लास के यात्रियों के लिए नई सुविधा शुरू की है। अब यात्री जरूरत पड़ने पर किराये पर चादर और तकिया ले सकेंगे। इसके लिए अलग-अलग शुल्क तय किया गया है।
इतना देना होगा शुल्क
रेलवे के अनुसार, स्लीपर क्लास के यात्री चादर के लिए 40 रुपये, तकिये के लिए 30 रुपये और दोनों एक साथ लेने पर 70 रुपये का भुगतान करेंगे। यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक होगी। यात्री अपनी जरूरत के अनुसार केवल चादर या केवल तकिया भी ले सकते हैं।
इन ट्रेनों में मिलेगी सुविधा
यह सुविधा दुर्ग से भोपाल जाने वाली ट्रेन संख्या 12853 अमरकंटक एक्सप्रेस और भोपाल से दुर्ग आने वाली ट्रेन संख्या 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस में उपलब्ध रहेगी।
अब तक बेडरोल की सुविधा केवल एसी कोच के यात्रियों को मिलती थी, जिसका शुल्क टिकट में शामिल रहता है। पहली बार स्लीपर क्लास के यात्रियों को भी यह विकल्प दिया गया है।
2031 तक निजी कंपनी करेगी संचालन
रेलवे ने स्लीपर क्लास में बेडरोल उपलब्ध कराने के लिए एक निजी कंपनी को ठेका दिया है। इस सेवा का अनुबंध अगले पांच वर्षों यानी 2031 तक रहेगा।
यात्रियों को मिलेगा फायदा
रेलवे का मानना है कि इस व्यवस्था से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। अब उन्हें घर से चादर और तकिया ले जाने की जरूरत नहीं होगी और सफर अधिक आरामदायक बनेगा।
चेन्नई डिवीजन ने पहले की थी शुरुआत
इससे पहले दक्षिण रेलवे के चेन्नई डिवीजन ने 1 जनवरी 2026 से स्लीपर क्लास के यात्रियों के लिए बेडरोल सुविधा शुरू की थी। शुरुआत में यह सेवा 10 ट्रेनों में लागू की गई थी, जहां यात्रियों को निर्धारित शुल्क देकर सैनिटाइज्ड चादर और तकिया उपलब्ध कराया जा रहा है।
ये खबर भी पढ़ें..









