आलीराजपुर/ खबर डिजिटल/ कुलदीप खराड़ीया/ चंद्रशेखर आजादनगर। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर विकासखंड चंद्रशेखर आजादनगर की ग्राम पंचायत माथना के कुकरी फलिया में जल संरक्षण और स्वच्छता को समर्पित प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत कलश यात्रा निकालकर जल स्रोतों का पूजन किया गया तथा ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर गांव के प्रमुख कुएं की साफ-सफाई की।
कुकरी फलिया की बड़ी आबादी पेयजल के लिए इसी कुएं पर निर्भर है। ऐसे में जल स्रोत को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) से जुड़े छात्र-छात्राओं एवं परामर्शदाताओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर कुएं की सफाई की और जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर जल की महत्ता, स्वच्छ पेयजल के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता संदेश भी दिए गए।कार्यक्रम में परामर्शदाता केशर सिंह बामनिया, पंकज गोहिल एवं मोनिका मसानिया सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और गांव में जल संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश पहुंचा।
ग्रामीणों का कहना है कि जल ही जीवन का आधार है और इसकी सुरक्षा व स्वच्छता के लिए सामुदायिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। गंगा दशहरा के अवसर पर आयोजित यह अभियान न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि जल संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक पहल भी साबित हुआ।









