BJP Breaking: देश की राजनीति के गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए एक साथ चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को बदलने का ऐलान कर दिया है। बीजेपी आलाकमान द्वारा जारी नई सूची के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली के अलावा हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा की कमान नए चेहरों के हाथों में सौंप दी गई है।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली की कमान
बीजेपी ने देश की राजधानी दिल्ली में संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली प्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। हर्ष मल्होत्रा वर्तमान में मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं और उनके पास सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्यमंत्री की अहम जिम्मेदारी है। वह निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे।
अर्चना गुप्ता को मिला हरियाणा का जिम्मा
हरियाणा में पार्टी को नई ऊर्जा देने के लिए भाजपा ने महिला कार्ड खेलते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता को नया सूबेदार बनाया है। डॉ. अर्चना गुप्ता हरियाणा बीजेपी की सक्रिय और जमीन से जुड़ीं कद्दावर नेता मानी जाती हैं। बीजेपी में उनकी पकड़ बहुत मजबूत है। इससे पहले वे पार्टी में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर महिला मोर्चे और मुख्य विंग को मजबूत कर चुकी हैं।
उद्योगपति केवल सिंह ढिल्लों बने पंजाब के कप्तान
पंजाब में अकाली दल और कांग्रेस की घेराबंदी करने के लिए भाजपा ने साफ-सुथरी छवि वाले सिख चेहरे पर दांव खेला है। बरनाला से दो बार के पूर्व विधायक और पंजाब के उद्योगपति केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ढिल्लों को पंजाब की राजनीति का विकास पुरुष कहा जाता है। वे सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के सबसे भरोसेमंद साथियों में से एक रहे हैं।
अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा की बागडोर
पूर्वोत्तर भारत में अपने विजय रथ को बरकरार रखने के लिए भाजपा ने त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी सौंपी है। अभिषेक लंबे समय से त्रिपुरा में आरएसएस और बीजेपी के अभियानों को लीड करते आए हैं।







