गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए 1 अक्टूबर 2026 से एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है. अगर आप सरकार की ओर से मिलने वाली एलपीजी सब्सिडी का लाभ उठाना चाहते हैं, तो बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) कराना अनिवार्य कर दिया गया है. पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, बिना इस प्रक्रिया को पूरा किए अब रियायती दरों पर सिलेंडर रिफिल नहीं कराया जा सकेगा. राहत की बात यह है कि देश में करीब 89.9 प्रतिशत यानी 27.43 करोड़ से अधिक ग्राहक यह ऑथेंटिकेशन पहले ही पूरा कर चुके हैं. जिन लोगों का प्रमाणीकरण पहले से पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा कुछ भी करने की आवश्यकता नहीं है.
कैसे जानें कि आपका ऑथेंटिकेशन पूरा हुआ है या नहीं?
यह जानने के लिए कि आपकी ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी हो चुकी है या अभी बाकी है, आपको किसी गैस एजेंसी के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आप अपने नजदीकी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क करके इसका स्टेटस जान सकते हैं. इसके अलावा अपनी संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी के पोर्टल या मोबाइल ऐप पर लॉगिन करके भी स्टेटस देखा जा सकता है. अगर कोई समस्या आती है, तो ग्राहक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर कॉल करके जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
घर बैठे मोबाइल से कैसे करें e-KYC?
सरकार ने बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया है ताकि लोग घर बैठे ही इसे पूरा कर सकें. इसके लिए ग्राहक फेस-बेस्ड बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन की मदद ले सकते हैं:
- इंडेन उपभोक्ता: IndianOil ONE ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- भारत गैस उपभोक्ता: Hello BPCL ऐप डाउनलोड करके प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
- एचपी गैस उपभोक्ता: HP PAY ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन कर सकते हैं.
अगर किसी को प्रक्रिया समझने में कठिनाई हो रही हो, तो प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर तीनों कंपनियों के ग्राहकों के लिए स्टेप-बाय-स्टेप वीडियो ट्यूटोरियल उपलब्ध कराए गए हैं.
प्रमाणीकरण न कराने पर क्या बंद हो जाएगी सप्लाई?
अगर कोई ग्राहक 1 अक्टूबर तक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण पूरा नहीं कर पाता है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि उसका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा. हालांकि, जब तक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, तब तक सब्सिडी वाले रेट पर रिफिल बुक करने की सुविधा नहीं मिलेगी. इसके अलावा जो ग्राहक इस प्रक्रिया में शामिल नहीं होना चाहते, वे बिना सब्सिडी के बाजार मूल्य पर 5 किलो या 10 किलो वाले छोटू सिलेंडर लेने का विकल्प चुन सकते हैं.







