गुना/तेज सिंह यादव/खबर डिजिटल/ राघौगढ़ जनपद पंचायत में पदस्थ स्वच्छ भारत मिशन के बीसी बलिराम शाक्यवार द्वारा गोवर्धन पूजा पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में हिंदू संगठनों और सर्व समाज के लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने बलिराम शाक्यवार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही सख्त कार्रवाई की मांग की।
क्या है मामला?
बताया जा रहा है कि बलिराम शाक्यवार ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा — 'जिसके दिमाग में गोबर भरा है वही गोवर्धन को पूजते हैं।' इस टिप्पणी के बाद से ही हिंदू समाज में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने इस बयान को हिंदू धर्म का अपमान बताया है। जिसके चलते राघौगढ़ जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर सर्व हिंदू समाज और विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर धरना प्रदर्शन किया और कर्मचारी की नौकरी से तत्काल बर्खास्तगी की मांग की।
जनपद सीईओ को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने राघौगढ़ जनपद पंचायत सीईओ और एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें बलिराम शाक्यवार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि यदि सात दिनों के भीतर कर्मचारी को नौकरी से नहीं हटाया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि बलिराम शाक्यवार पहले भी हिंदू धर्म पर कई बार आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं। इस बार की टिप्पणी के बाद जनपद पंचायत के कर्मचारियों ने भी सीईओ को ज्ञापन देकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन पूरे मामले पर सतर्क है।









