दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस में शामिल एमिरेट्स ने अपने यात्रियों के लिए भुगतान का एक नया विकल्प शुरू किया है. अब ग्राहक क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भी फ्लाइट टिकट बुक कर सकेंगे. इसके लिए एयरलाइन ने डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Crypto.com Pay के साथ साझेदारी की है. इस सुविधा के जरिए यात्री अपने डिजिटल वॉलेट से सीधे ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे.
युवाओं की बदलती जरूरतों को देखते हुए लिया फैसला
एमिरेट्स के डिप्टी प्रेसिडेंट और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अदनान काज़िम ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक भुगतान विकल्प उपलब्ध कराना है. उनका मानना है कि आज की युवा पीढ़ी तकनीक पर आधारित जीवनशैली अपनाती है और मोबाइल के जरिए ही यात्रा की योजना बनाने से लेकर भुगतान तक सभी काम करना पसंद करती है. ऐसे में क्रिप्टो पेमेंट की सुविधा ग्राहकों के अनुभव को और बेहतर बनाएगी.
वहीं Crypto.com के अध्यक्ष एरिक अंज़ियानी ने इस साझेदारी को डिजिटल भुगतान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात लगातार नई तकनीकों को अपनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और यह पहल उसी सोच का हिस्सा है.
फिलहाल UAE के चुनिंदा ग्राहकों को मिलेगी सुविधा
शुरुआती चरण में यह सुविधा केवल संयुक्त अरब अमीरात के पात्र निवासियों के लिए उपलब्ध कराई गई है. ऐसे ग्राहक जो अमीराती दिरहम (AED) में टिकट बुक करेंगे, वे एमिरेट्स की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर चेकआउट के समय क्रिप्टो भुगतान का विकल्प चुन सकेंगे. उल्लेखनीय है कि एमिरेट्स और Crypto.com के बीच जुलाई 2025 में इस साझेदारी का समझौता हुआ था और करीब एक वर्ष के भीतर इसे लागू भी कर दिया गया.
रिकॉर्ड मुनाफे के साथ आगे बढ़ रही एयरलाइन
एमिरेट्स लगातार अपने कारोबार का विस्तार कर रही है और वित्तीय प्रदर्शन के मामले में भी मजबूत स्थिति में है. मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष में एयरलाइन ने 19.7 बिलियन दिरहम, यानी लगभग 5.4 बिलियन डॉलर का रिकॉर्ड लाभ दर्ज किया. कंपनी के बेड़े में करीब 277 बड़े विमान शामिल हैं, जो दुनिया के 140 से अधिक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सेवाएं देते हैं.
प्रीमियम यात्रियों को आकर्षित करने की रणनीति
एमिरेट्स अपनी लग्जरी सेवाओं के लिए पहले से ही दुनियाभर में पहचान रखती है. फर्स्ट क्लास सुइट्स, ऑनबोर्ड शावर स्पा और प्रीमियम सुविधाएं इसकी खास पहचान हैं. अब क्रिप्टोकरेंसी से भुगतान की सुविधा जोड़कर एयरलाइन उन यात्रियों को भी आकर्षित करना चाहती है, जो डिजिटल एसेट्स का इस्तेमाल करते हैं और आधुनिक भुगतान विकल्पों को प्राथमिकता देते हैं. यह कदम भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था की दिशा में एयरलाइन की बड़ी रणनीति माना जा रहा है.







