दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए अब सरकारी दुकानों से अपनी पसंद की शराब पहले से बुक करना आसान हो गया है. दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIDC) ने इसके लिए 'दिल्ली लिकर बुकिंग' (Delhi Liquor Booking) ऐप पेश किया है. इस सुविधा के जरिए ग्राहक अपने लिए पहले से शराब ऑनलाइन बुक कर सकते हैं.
होम डिलीवरी नहीं, खुद जाकर उठानी होगी बोतल
अगर आप सोच रहे हैं कि ऑर्डर आपके घर तक पहुंचेगा, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. अधिकारियों ने साफ किया है कि फिलहाल होम डिलीवरी की सुविधा नहीं दी जा रही है.
- 48 घंटे की समय सीमा: ऑनलाइन बुकिंग और पेमेंट करने के बाद ग्राहकों को 48 घंटे के भीतर संबंधित रिटेल स्टोर पर जाकर खुद ही अपनी शराब लेनी होगी.
- ऑर्डर कैंसिलेशन: अगर आप बोतल पिक-अप करने से पहले अपना मन बदलते हैं, तो ऑर्डर रद्द करने का विकल्प मौजूद है. हालांकि, एक बार दुकान से माल ले लेने के बाद वापसी का कोई प्रावधान नहीं है.
किन दुकानों पर लागू होगी यह सुविधा?
यह एडवांस बुकिंग सेवा फिलहाल DSIIDC द्वारा संचालित लगभग 200 खुदरा दुकानों पर ही उपलब्ध है. आपको बता दें कि दिल्ली में कुल चार सरकारी निगम हैं, जो मिलकर शहर की 700 से ज्यादा आबकारी दुकानों का संचालन करते हैं.
आबकारी नियम और जरूरी शर्तें
ऐप के जरिए ऑनलाइन बुकिंग करने के लिए आबकारी विभाग के कुछ सख्त नियमों का पालन करना अनिवार्य है:
- न्यूनतम उम्र सीमा: बुकिंग करने वाले व्यक्ति की उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए.
- खरीदने की सीमा: एक व्यक्ति एक बार में अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर ही बुक कर सकता है.
अभी तक कैसा रहा ग्राहकों का रिस्पॉन्स?
शुरुआती दौर में इस ऑनलाइन बुकिंग ऐप को लेकर लोगों में बहुत ज्यादा उत्साह देखने को नहीं मिला है. आबकारी अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार ग्राहकों से मिलने वाले फीडबैक और इसके इस्तेमाल पर ही निर्भर करेगा.







