पश्चिम से पूर्वी भारत के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस
ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने एक बड़ी सौगात दी है. देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच आवाजाही को और बेहतर बनाने के मकसद से गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच एक नई 'अमृत भारत एक्सप्रेस' चलाने का निर्णय लिया गया है. 2,532 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करने वाली यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार को आपस में जोड़ेगी. रेल मंत्रालय के अनुसार, इस सेवा के शुरू होने की आधिकारिक तारीख का ऐलान जल्द ही किया जाएगा.
भुज-बरौनी अमृत भारत का शेड्यूल और समय
इस नई ट्रेन को भुज से बरौनी के बीच गाड़ी संख्या 19427 और वापसी में गाड़ी संख्या 19428 के रूप में चलाया जाएगा.
- ट्रेन संख्या 19427 (भुज से बरौनी): यह ट्रेन भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और सुबह 04:05 बजे बरौनी पहुंचेगी. यह सेवा हर सोमवार, बुधवार और शनिवार को उपलब्ध होगी.
- ट्रेन संख्या 19428 (बरौनी से भुज): वापसी में यह ट्रेन बरौनी से रात 11:55 बजे छूटेगी और दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी. यह गाड़ी हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी.
इन मुख्य शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन
अपनी यात्रा के दौरान यह एक्सप्रेस ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्ज़तनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं. इस नए रूट से गुजरात और बिहार के यात्रियों के अलावा राजस्थान और यूपी के लोगों को भी सीधा फायदा मिलेगा.
झांसी-आगरा एक्सप्रेस का दायरा अब मथुरा तक बढ़ा
रेलवे ने एक और यात्री-हितैषी फैसला लेते हुए गाड़ी संख्या 11901/11902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस के रूट का विस्तार मथुरा तक करने की मंजूरी दी है.
- नया रूट व समय: गाड़ी संख्या 11901 झांसी से शाम 4:00 बजे रवाना होकर रात 11:00 बजे मथुरा पहुंचेगी. वहीं गाड़ी संख्या 11902 मथुरा से सुबह 5:05 बजे चलकर दोपहर 12:50 बजे झांसी पहुंचेगी.
- दूरी और नए स्टॉपेज: इस विस्तार के बाद ट्रेन का कुल सफर 217 किलोमीटर से बढ़कर 270 किलोमीटर हो जाएगा. रास्ते में यह गाड़ी राजा की मंडी, रुनकुटा, दीन दयाल धाम और बाड़ स्टेशनों पर भी रुकेगी. रेलवे के इन दोनों कदमों से राज्यों के बीच रेल कनेक्टिविटी को नया बल मिलेगा.







