नई दिल्ली: भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) के अधीन कार्यरत प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) ने शिल्प अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (CITS) के तहत शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया की घोषणा की है। इस योजना के तहत एनएसटीआई और आईटीओटी संस्थानों में शिल्प अनुदेशक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया 8 मई 2025 से शुरू होकर 28 मई 2025 तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार www.nimionlineadmission.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता के तहत, जो उम्मीदवार एनटीसी (नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट), एनएसी (नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट), डिप्लोमा या डिग्री धारक हैं, वे इस कार्यक्रम में आवेदन करने के पात्र हैं। इसके अलावा, जो उम्मीदवार इन पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष की परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं।
यह प्रवेश अखिल भारतीय सामान्य प्रवेश परीक्षा (AICTE) के माध्यम से किया जाएगा, जो 15 जून 2025 को एक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के रूप में देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
प्रशिक्षण का विवरण: चयनित उम्मीदवारों को 41 ट्रेड्स (28 इंजीनियरिंग और 13 नॉन-इंजीनियरिंग) में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीओटी) में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। अब तक, 2019 से 2024 के बीच 45,025 प्रशिक्षकों को इस योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त हो चुका है।
सीआईटीएस का उद्देश्य:
इस प्रशिक्षण योजना का उद्देश्य प्रशिक्षकों को तकनीकी कौशल और प्रशिक्षण पद्धति दोनों में पूर्ण रूप से प्रशिक्षित करना है, ताकि वे प्रभावी तरीके से व्यावहारिक कौशल सिखा सकें और उद्योगों के लिए सक्षम मानव संसाधन तैयार कर सकें। राष्ट्रीय व्यवसायिक प्रशिक्षण परिषद (NCVT) के अनुसार, सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रशिक्षकों के लिए यह प्रशिक्षण अनिवार्य है।
महत्वपूर्ण तिथियां:
- आवेदन प्रारंभ: 8 मई 2025
- आवेदन समाप्ति: 28 मई 2025
- परीक्षा तिथि: 15 जून 2025
यह पहल भारतीय कौशल विकास क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल प्रशिक्षकों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि देशभर में कुशल श्रमिकों की आपूर्ति बढ़ाकर औद्योगिक विकास में योगदान देगी।







