Earthquake: रूस के कामचात्स्की क्षेत्र में शुक्रवार को 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। तेज झटकों के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घरों के अंदर लाइटें हिलने लगीं, दरवाजे तेजी से बंद होने लगे और बर्तन खनकने लगे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अब तक भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर सामने नहीं आई है।
Earthquake: अमेरिकी एजेंसी ने 6.9 तीव्रता दर्ज की
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र रूस के ओजर्नोव्स्की से करीब 76 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। एजेंसी ने इसकी तीव्रता 6.9 दर्ज की। शुरुआती आंकड़ों में भूकंप की तीव्रता 6.5 बताई गई थी, जिसे बाद में संशोधित कर 6.9 कर दिया गया।
भूकंप का केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की से करीब 156 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में बताया गया है। अलग-अलग शुरुआती रिपोर्टों में इसकी गहराई 138 से 143.2 किलोमीटर के बीच दर्ज की गई।
एक मिनट तक महसूस हुए भूकंप के झटके
Earthquake: रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने रूसी विज्ञान अकादमी की भूभौतिकीय सेवा की कामचात्स्की शाखा के हवाले से बताया कि भूकंप के झटके क्षेत्र के कई हिस्सों में महसूस किए गए। पेट्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की में झटकों की तीव्रता 5 तक बताई गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार दोपहर 3:36 बजे आए झटके करीब एक मिनट तक महसूस किए गए। इस दौरान कई लोग एहतियात के तौर पर अपने अपार्टमेंट से बाहर निकल आए। घरों के अंदर रखी चीजें हिलने लगीं और बर्तनों के खनकने की आवाजें सुनाई दीं।
फिलहाल, भूकंप से हुए नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: CJP के प्रदर्शन से पहले हाईकोर्ट पहुंचे कनॉट प्लेस के दुकानदार, दिल्ली पुलिस ने कही ये बात







