Ram temple : राममंदिर के भूतल का काम पूरा,रामनवमी पर होंगे प्रथम दर्शन

अयोध्या : राममंदिर के भव्य गर्भगृह में जनवरी 2024 में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जानी है। 161 फीट ऊंचा राममंदिर तीन मंजिला होगा। राममंदिर के भूतल का काम पूरा होने के बाद अब प्रथम तल के भी निर्माण का काम शुरू हो चुका है। प्रथम तल के स्तंभ स्थापित किए जा रहे हैं, इन्हें एक-दूसरे से जोड़ा जा रहा है। प्रथम तल पर ही रामदरबार की स्थापना की जानी है। यहां रामलला चारों भाईयों व हनुमान जी के साथ विराजमान होंगे। 

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा के मुतािबक साल 2024 में मकर संक्रांति के बाद शुभ मुहूर्त पर प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। पहली चैत्र राम नवमी पर सूर्य की किरण भगवान के ललाट पर पड़ेगी। इसकी व्यवस्था की जा रही है।

गर्भ गृह में लगे 6 खंभे

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कामेश्वर चौपाल ने बताया, ग्राउंड फ्लोर में पांच मंडप हैं। मंडप राम मंदिर के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा। मुख्य मंडप से भगवान की पताका फहराएंगे। ग्राउंड फ्लोर का ढांचा बनकर तैयार है। मंदिर के गर्भगृह की दीवार और छत बन चुकी है। फर्श और बाहर का काम बाकी है। मंदिर के ग्राउंड फ्लोर में 166 खंभों पर मूर्तियों को उकेरने का काम चल रहा है। मंदिर के गर्भगृह में लगे 6 खंभे सफेद संगमरमर के हैं, जबकि बाहरी खंभे पिंक सैंडस्टोन से बनाए गए हैं।

राम नवमी पर होगा भगवान का जन्म उत्सव

कामेश्वर ने बताया, साल 2024 में चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी को राम नवमी के दिन भगवान का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। राम जन्म के समय ठीक दोपहर 12:00 बजे सूर्य की किरण कुछ देर के लिए रामलला की मूर्ति पर पड़ेगी।  इससे जन्म के समय रामलला का दर्शन बहुत ही दिव्य और भव्य होगा। 

25 हजार यात्रियों के लिए बनेगी धर्मशाला और होटल 

राम मंदिर ट्र्स्ट के चंपत राय ने बताया, ट्रस्ट ने मंदिर निर्माण के बाद भक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर व आसपास यात्री सुविधाओं का निर्माण शुरू कर दिया है। इसमें होटल, रेस्तरां, डॉरमेट्री और धर्मशाला बनाई जाएगी। 25 हजार यात्रियों के ठहरने और सुविधाओं से जुड़े केंद्र का निर्माण चल रहा है। रामलला तक पहुंचने के लिए 700 मीटर लंबा रास्ताहै। इस रास्ते पर फीनिशिंग चल रही है।

दूसरे तल को लेकर अभी निर्णय नहीं

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र का कहना है कि राममंदिर के भूतल की आतंरिक सज्जा के साथ ही प्रथम तल का भी काम शुरू कर दिया गया है। दूसरे तल पर क्या होगा, इस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment