उज्जैन। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आज श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के पश्चात राजे ने भगवान वीरभद्र जी के मंदिर में भी पूजा की। इस अवसर पर महाकालेश्वर ध्वज चल समारोह में निकाले जाने वाले पवित्र ध्वज का विधिवत पूजन भी किया गया।
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल एवं सहायक प्रशासक प्रतीक द्विवेदी ने उनका स्वागत किया। समिति ने उन्हें प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
राजे ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्री महाकालेश्वर मंदिर देश की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां की व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं के लिए सराहनीय हैं।







