खबर डिजिटल/कटनी न्यूज़- बिलहरी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार खड़े ऑटो से टकराकर अनियंत्रित हो गई और सीधे लक्ष्मण सागर तालाब में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान प्रशांत नायक पिता प्रकाश नायक (28 वर्ष) एवं विकास तिवारी पिता विनोद तिवारी (26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बिलहरी के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार अन्य दो युवक — अभिषेक चौरसिया पिता नारायण चौरसिया (26 वर्ष) एवं अमन ताम्रकार पिता मुकेश ताम्रकार (26 वर्ष) — गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ, जब चारों युवक कार से कटनी से बिलहरी लौट रहे थे। जैसे ही वे बिलहरी पहुंचे, उनकी कार खड़े ऑटो से टकराई और अनियंत्रित होकर लक्ष्मण सागर तालाब में जा समाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया।अंदर फंसे दोनों युवकों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे बिलहरी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों मृतक युवक मिलनसार और मददगार स्वभाव के थे, जिनकी असमय मौत से गांव में मातम छा गया है।
तेज रफ्तार कार तालाब में समाई — दो युवकों की दर्दनाक मौत, दो की जान बची बिलहरी में देर रात हुआ हादसा, खड़े ऑटो से टकराई थी कार
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया







