उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ उमरिया जिले के वार्ड नंबर 19 में हजारों आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने का मामला अब गंभीर होता जा रहा है। मामले में इंडिया पोस्ट ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए शहडोल से डाक अधीक्षक महेंद्र सिंह स्वयं उमरिया पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल जांच जारी है।
प्रशासनिक तंत्र पर उठे सवाल
बीते दिनों उमरिया जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 19 में तालाब किनारे हजारों आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज संदिग्ध हालात में पाए गए थे। इस घटना ने प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डाक अधीक्षक ने लिया संज्ञान
मामले की जांच के लिए शहडोल से डाक अधीक्षक महेंद्र सिंह विशेष रूप से उमरिया पहुंचे। उन्होंने उस स्थान का निरीक्षण किया जहां दस्तावेज मिले थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट का अवलोकन किया।
बारीकी से की जा रही जांच
डाक अधीक्षक ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच कराई जा रही है। उन्होंने पूर्व में ही संभागीय निरीक्षक राहुल पांडे को जांच के निर्देश दिए थे और अब स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।
दोषियों पर कार्रवाई का दावा
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल प्रशासन और डाक विभाग संयुक्त रूप से यह पता लगाने में जुटे हैं कि इतने महत्वपूर्ण दस्तावेज तालाब किनारे कैसे पहुंचे। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में अहम खुलासे की संभावना जताई जा रही है।







