सिवनी/ राकेश यादव/ ‘सेवा संकल्प अभियान’ Seva Sankalp Abhiyan के अंतर्गत जन्मभूमि से कर्मभूमि तक की भावना के साथ बड़नगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा यात्रा का सिवनी जिले में आगमन हुआ। यात्रा के बंडोल पहुंचने पर आंगनवाड़ी भवन परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर यात्रा में शामिल सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, संतोष अग्रवाल सहित जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने सेवा यात्रा का स्वागत करते हुए सेवा, समर्पण एवं सामाजिक सरोकारों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों को वस्त्रों का वितरण भी किया गया। वस्त्र पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सेवा और सहयोग की भावना को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सेवा संकल्प अभियान की यह यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वाराणसी पहुंचेगी, जहां सेवा एवं सामाजिक समरसता का संदेश आगे बढ़ाया जाएगा।







