सिवनी/खबर डिजिटल/ राकेश यादव/ मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान Safe Click 2.0 Campaign सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया गया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंडोल एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बखारी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, ओटीपी शेयरिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, फेक लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं तथा सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया।
अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







