त्योंथर रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ त्यौंथर जनेह थाना पुलिस ने लूट के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल एवं नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी मुकेश वर्मा निवासी पहाड़ी थाना बरगढ़ (जिला चित्रकूट, उत्तर प्रदेश) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 जुलाई 2026 को वह पत्नी और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से शंकरगढ़ से लौट रहा था। पटहट सूती रोड पर दो बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर मारपीट की, ₹1,000 नकद और मोटरसाइकिल लूट ली। बीच-बचाव करने आई पत्नी के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की, जिससे उसे चोटें आईं।
जनेह पुलिस ने अपराध क्रमांक 163/26 दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर 48 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैभव केशरवानी (19) एवं निखिल रजक (20), दोनों निवासी शंकरगढ़, जिला प्रयागराज (उ.प्र.) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और करीब ₹50 हजार का मशरूका बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जनेह थाना पुलिस टीम ने की।







