रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा में ढाई साल की बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला बच्ची को अपने साथ ले गई और करीब 80 किलोमीटर दूर सीधी में छिपाकर रखा।
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। CCTV फुटेज खंगालने पर बच्ची को एक महिला अपने साथ ले जाती दिखाई दी।
खबर डिजिटल के संवाददाता अरविंद तिवारी ने बताया कि तकनीकी जांच के आधार पर महिला की लोकेशन सीधी में ट्रेस हुई। इसके बाद पुलिस टीम सीधी पहुंची और बताए गए स्थान पर दबिश देकर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में मुख्य आरोपी महिला ने कथित तौर पर बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है और वह बच्ची को अपने पास रखकर पालना चाहती थी।
रीवा एएसपी भावना मरावी ने बताया कि बच्ची को सीधी में एक महिला के यहां छिपाकर रखे जाने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब अपहरण की पूरी साजिश, आरोपियों की भूमिका और बच्ची को सीधी ले जाने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची सुरक्षित अपने परिजनों तक पहुंच गई है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अपहरण के पीछे की पूरी कड़ी जांच के बाद सामने आएगी।







