रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ रीवा जिले के गुढ़ नेशनल हाईवे-39 पर गेरूई पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को स्कॉर्पियो और ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रीवा से गुढ़ की तरफ जा रहा था ऑटो
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो रीवा से गुढ़ की ओर जा रहा था, जबकि यूपी पासिंग स्कॉर्पियो सीधी से रीवा की तरफ आ रही थी। जैसे ही दोनों वाहन नेशनल हाईवे पर गेरूई पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, सामने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार गणेश शंकर पांडे (निवासी पकरा, थाना गुढ़) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक सब्जी लेकर अपने घर जा रहा था और उसके घर पर अगले दिन वैवाहिक कार्यक्रम होना था। हादसे में घायल अन्य लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
सूचना मिलते ही गुढ़ पुलिस और अरविंद सिंह राठौड़ (थाना प्रभारी, गोविंदगढ़) मौके पर पहुंचे और कई किलोमीटर लंबे जाम को खुलवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।







