रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा के पुष्पराज नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक स्कूटी के हैंडल के अंदर करीब 8 फीट लंबा सांप जा घुसा। सांप की पूंछ बाहर दिखाई दी तो खेल रहे बच्चों की नजर पड़ी और शोर मच गया। मौके पर भीड़ जुटी और सर्पमित्र को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे सर्पमित्र ने सावधानी से सांप की पूंछ पकड़ी और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद उसे स्कूटी के हैंडल से सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान लोगों को स्कूटी से दूर रखा गया। रेस्क्यूकर्मी के मुताबिक सांप धामन प्रजाति का गैर-विषैला सांप था।
स्कूटी मालिक रमेश गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद अब स्कूटी पर बैठने से पहले वाहन को अच्छी तरह जांचना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाने से पहले एक बार जरूर देख लें कि उसके अंदर कोई सांप या अन्य जीव तो नहीं छिपा है। गनीमत रही कि सांप के कारण कोई हादसा नहीं हुआ। विशेषज्ञों की सलाह है कि वाहन या घर में सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने के बजाय प्रशिक्षित सर्पमित्र या रेस्क्यू टीम की मदद लें।







