त्यौंथर रीवा/ खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ जनपद पंचायत त्यौंथर के ग्राम पंचायत अमाव की महिला सरपंच ने गंभीर आरोप लगाते हुए शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। सरपंच का कहना है कि अज्ञात लोगों द्वारा रातों-रात उनके घर तक जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया, जिससे पूरा परिवार घर में ही कैद होकर रह गया है।
बताया जा रहा है कि रास्ता बंद होने के कारण परिवार के सदस्यों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर सरपंच ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रास्ता बंद होने और परिवार की परेशानी को दिखाया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।







