रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ रीवा जिले के एक छोटे से गांव ने अपनी अनोखी शाही शादी से पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। कार या घोड़ी नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर से निकली बारात ने लोगों को हैरान कर दिया। बरौहा गांव में हुई यह शादी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। जानकारी के अनुसार, जवा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरैला के ग्राम बरौहा निवासी राकेश सिंह बघेल के पुत्र अमित सिंह बघेल की बारात 26 फरवरी को हेलीकॉप्टर से निकाली गई। हेलीकॉप्टर ने बरौहा से उड़ान भरकर सीधे जतरी गांव में लैंडिंग की, जो डभौरा नगर परिषद क्षेत्र में आता है।
पहली बार देखा ऐसा नजारा
गांव में पहली बार हेलीकॉप्टर से बारात निकलने का नजारा देखने को मिला। जैसे ही हेलीकॉप्टर की गूंज सुनाई दी, पूरा गांव मौके पर उमड़ पड़ा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करता नजर आया। दूल्हे के हेलीकॉप्टर से उतरते ही माहौल उत्सव में बदल गया।
'रीवा की शाही शादी' बनी चर्चा का विषय
शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग इसे “रीवा की शाही शादी” का नाम दे रहे हैं। पूरे सिरमौर क्षेत्र में इस अनोखी बारात की चर्चा हो रही है और लोग इसे छोटे गांव की बड़ी उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं।
पिता की वर्षों पुरानी इच्छा हुई पूरी
दूल्हे अमित सिंह बघेल ने बताया कि यह उनके पिता की वर्षों पुरानी इच्छा थी कि जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर बसे छोटे से गांव की एक अलग पहचान बने। परिवार वर्ष 1994 से पुणे में उद्योग स्थापित कर चुका है, लेकिन अपनी मिट्टी से जुड़ाव ने इस खास आयोजन को जन्म दिया। हेलीकॉप्टर से निकली यह बारात अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। छोटे गांव की यह बड़ी उड़ान लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी।







