रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ रीवा के टीआरएस कॉलेज में परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां दो युवक दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देते हुए पकड़े गए। कॉलेज प्रशासन ने दोनों को मौके पर पकड़कर सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया है। अब फर्जी परीक्षार्थियों के साथ- साथ वास्तविक अभ्यर्थियों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मामला मध्यप्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षा का है, जिसका अध्ययन केंद्र टीआरएस कॉलेज बनाया गया था।
प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान वीक्षकों को एक परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र पर संदेह हुआ। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कमर्जी, सीधी निवासी पुष्पराज सिंह चौहान अपने चचेरे भाई सज्जन सिंह की जगह एमसीए की परीक्षा दे रहा था। इसी दौरान जांच और सख्त की गई तो बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा में भी एक और फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। हनुमना निवासी सुखेंद्र पटेल अपने जीजा रंजीत पटेल की जगह परीक्षा दे रहा था। दोनों आरोपियों को कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल सिविल लाइन पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फर्जी परीक्षार्थियों के साथ मूल अभ्यर्थियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







