राजगढ़/धर्मराज सिंह/खबर डिजिटल/ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब 6 गोवंश मृत अवस्था में मिलने की सूचना सामने आई। घटना से आक्रोशित गौसेवकों और स्थानीय युवकों ने मृत गाय को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया।
आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम
आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे-52 पर अचानक यातायात रोक दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि बिना प्रशासन को पूर्व सूचना दिए युवकों ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
करीब कुछ समय बाद पुलिस की समझाइश के बाद जाम खोल दिया गया और यातायात सुचारु रूप से शुरू हो सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गोवंश की मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।







