राजगढ़/धर्मराज सिंह/खबर डिजिटल/ राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में जनपद पंचायत कार्यालय उस समय हंगामे का केंद्र बन गया, जब शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने जनपद पंचायत के सीईओ के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जनपद सीईओ गोविंद सिंह सोलंकी ने की शिकायत
जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत खिलचीपुर के सीईओ गोविंद सिंह सोलंकी ने घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवक ने कार्यालय में पहुंचकर गाली-गलौज की और शासकीय कार्य में बाधा डाली। इस आधार पर पुलिस ने आरोपी हेमराज दांगी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
अवैध उत्खनन की करने आया था शिकायत
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक अवैध उत्खनन की शिकायत को लेकर जनपद कार्यालय पहुंचा था। इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी और मामला बढ़ गया। वायरल वीडियो में युवक को आक्रामक अंदाज में बहस करते देखा जा सकता है। हालांकि वीडियो की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हो सकी है। सूत्रों के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहा युवक स्थानीय स्तर पर कांग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरु
यह पूरा मामला खिलचीपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।







