सिवनी/बंडोल/राकेश यादव/ "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" के संदेश के साथ बंडोल में नशा मुक्ति जनजागरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
यह कार्यक्रम थाना प्रभारी मनोज जंघेला के मार्गदर्शन एवं मूल निवासी पेंशनर्स संघ के सहयोग से आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शिक्षक संतोष सूर्यवंशी ने किया। इस दौरान शासकीय हाईस्कूल बांकी के छात्र-छात्राओं ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति को उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा और जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशा न करने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली। आयोजन ने युवाओं और समाज में सकारात्मक संदेश देकर नशे के खिलाफ एक मजबूत जनजागरण का माहौल तैयार किया।







