छिंदवाड़ा/तौफीक मस्कीनी/खबर डिजिटल/मध्यप्रदेश के पांढुर्णा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
अकेली महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने एक घर में अकेली महिला को निशाना बनाया। आरोप है कि आरोपियों ने महिला का गला दबाकर उसके गले से मंगलसूत्र, कान के आभूषण और करीब 1500 रुपये नकद लूट लिए। इसके अलावा दो अन्य घरों में भी लाखों रुपये के सामान और नकदी की चोरी की गई। जब परिवार के लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मोहगांव क्षेत्र में जुआ संचालन पर उठे सवाल
सूत्रों के मुताबिक पांढुर्णा जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र में लंबे समय से जुआ संचालित होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि यहां महाराष्ट्र के अमरावती सहित अन्य जिलों से लोग जुआ खेलने के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात होते ही जुआरियों की महफिल सजती है और खिलाड़ियों को हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यह भी दावा किया जा रहा है कि हारने-जीतने वाले खिलाड़ियों को आने-जाने का खर्च तक दिया जाता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस को इसकी जानकारी होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। यदि कार्रवाई होती भी है तो केवल औपचारिकता निभाई जाती है।
कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जीरो टॉलरेंस नीति की बात कही जाती है, लेकिन पांढुर्णा में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।







