भोपाल/खबर डिजिटल/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को नव विकसित निशातपुरा रेलवे स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर ट्रेन संचालन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लगभग ₹14 करोड़ की लागत से विकसित यह रेलवे स्टेशन मालवा और उज्जैन क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन के माध्यम से दिल्ली के साथ रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी, जिससे व्यापार, उद्योग और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों तक आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा।
₹14 करोड़ से विकसित हुआ निशातपुरा रेलवे स्टेशन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नव विकसित स्टेशन क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा। स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
रेलवे अधोसंरचना में तेजी से हो रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसी क्रम में लगभग ₹1,800 करोड़ की लागत से रेलवे कोच निर्माण परियोजना का कार्य भी जल्द प्रारंभ होने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में मध्यप्रदेश का रेल बजट ₹15,188 करोड़ तक पहुंच गया है। वहीं वर्ष 2014 के बाद प्रदेश में लगभग 2,800 किलोमीटर नई रेल लाइनों का निर्माण किया गया है, जो रेलवे क्षेत्र में हो रहे विकास को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेल क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में रेल मंत्रालय में ऐतिहासिक स्तर पर विकास हुआ है और निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का स्टॉपेज यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।
मध्यप्रदेश को मिले 13 अमृत स्टेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की तुलना में भाजपा सरकार के कार्यकाल में रेलवे क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को 13 अमृत स्टेशन मिले हैं, जो केंद्र सरकार के रेलवे आधुनिकीकरण और अधोसंरचना विकास के विजन को दर्शाते हैं।







