Narottam Mishra: मध्य प्रदेश बीजेपी के सीनियर नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा इस समय एक्शन मोड में आ गए हैं। मैहर प्रवास पर पहुंचे नरोत्तम मिश्रा ने मां शारदा मंदिर में पूजा-अर्चना कर सूबे की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत कर दतिया में होने वाले संभावित उपचुनाव पर बड़ा बयान दिया और कांग्रेस पर हमला बोला।
संगठन का फैसला सर्वोपरि
नरोत्तम मिश्रा ने दतिया सीट से खुद की या किसी अन्य चेहरे की उम्मीदवारी को लेकर साफ कहा कि टिकट का चयन और सांगठनिक निर्णय भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व का विषय है। इस पर जो भी अंतिम फैसला होगा, वह संगठन द्वारा ही लिया जाएगा।
चरित्र हनन बंद करे विपक्ष
नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके परिवार पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए जमीन आवंटन के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। यही वजह है कि हताशा में डूबी कांग्रेस झूठे आरोप लगाकर राजनैतिक माइलेज लेने का विफल प्रयास कर रही है। कांग्रेस का इतिहास हमेशा से विरोधियों का चरित्र हनन करने का रहा है और यह हमला भी उसी घटिया मानसिकता का परिचायक है।







