खबर digital News कटनी-- सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित डॉ. वैश्य गली रविवार सुबह उस वक्त सनसनी का केंद्र बन गई, जब एक खाली प्लॉट से कई दिन पुराना शव बरामद हुआ। तेज दुर्गंध से परेशान लोगों ने जब मौके पर जाकर देखा तो सड़ी-गली अवस्था में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगों ने तत्काल वार्ड पार्षद अवकाश जायसवाल को सूचना दी। पार्षद ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि मौत कई दिन पहले हुई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं व्यक्ति की हत्या कर शव को सुनसान प्लॉट में ठिकाने लगाने की साजिश तो नहीं रची गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। आवश्यकता पड़ने पर डॉग स्क्वॉड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली जाएगी।शहर के रिहायशी इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब हर किसी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि यह रहस्यमयी मौत है, हादसा या फिर किसी सुनियोजित हत्या का मामला।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097







